पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के AIIMS में गुरुवार शाम 5 बज कर 5 मिनट को निधन हो गया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को कृष्णा मेनन मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा जा रहा है, जहां नेताओं और अन्य हस्तियों का झुण्ड लगा है। आज शुक्रवार को सुबह 9 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित BJP मुख्यालय ले जाये जा रहा है। इसके बाद दोपहर 1 बजे यहां से राष्ट्रीय स्मृति स्थल तक अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि देने के लिए अंतिम यात्रा में देश-दुनिया के कई नेता शामिल होंगे। VVIP मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कई प्रमुख मार्गों को आज बंद कर ट्रैफिक डाइवर्ट किया गया है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने आज सभी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और बाजार को भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में बंद रखने का ऐलान किया है।

शुक्रवार सुबह आठ बजे से कृष्ण मेनन मार्ग, सुनहरी बाग रोड, तुगलक रोड, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, मान सिंह रोड, भगवान दास रोड, शाहजहां रोड और सिकंदरा रोड आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि डी.डी.यू मार्ग, आई.पी मार्ग, बी.एस.जी मार्ग (तिलक ब्रिज से दिल्ली गेट), जे.एल.एन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट) भी बंद रहेंगे। आज शाम 4  बजे स्मृति स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।